-प्रोजेक्ट भवन सभागार में सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम, मंत्री चमरा लिंडा और हफीजुल हसन होंगे विशिष्ट अतिथि
रांची। झारखंड में कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की सरकार की पहल के तहत आज (सोमवार, 23 नवंबर) मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है. धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन के द्वितीय तल के सभागार में पूर्वाह्न 11:30 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. समारोह में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन की पहलः
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन राज्य सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में किया गया है. इसके क्रियान्वयन के लिए प्रेझा फाउंडेशन को विशेष प्रयोजन वाहिनी (SPV) की जिम्मेदारी दी गई है. इस पहल के जरिए वंचित और अलग-अलग वर्गों के युवाओं में रोजगारपरक कौशल विकसित कर उन्हें सीधा रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस काम किया गया है.
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदमः
उल्लेखनीय है कि प्रेझा फाउंडेशन राज्य के कल्याण विभाग की ओर से कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन करती है. संस्था विशेष रूप से एसटी, एससी, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के युवाओं को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उनकी कार्यक्षमता बढ़ा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें.


