-खूंटी में आज 2306 और लोहरदगा में 26 नवंबर को 2258 रिक्तियों के लिए जुटेंगी कंपनियां
-आठवीं पास से लेकर बीटेक और डॉक्टर तक कर सकेंगे आवेदन
रांची. झारखंड के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के लिए श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने बड़ी पहल की है. राज्य के पांच जिलों में रोजगार मेले के आयोजन की तैयारी की गयी है, जिसके माध्यम से करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है. इसी कड़ी में खूंटी और लोहरदगा में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है.
खूंटी के कचहरी मैदान में आज 2306 पदों पर भर्तीः
खूंटी जिला मुख्यालय स्थित कचहरी मैदान में आज (23 नवंबर) भव्य रोजगार मेला आयोजित हो रहा है. यहां कुल 2306 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें महिलाओं के लिए भी विशेष रूप से पद आरक्षित रखे गये हैं. इस मेले में आठवीं, 10वीं, 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अलावा स्नातक, मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा, बीएससी, नर्सिंग डिप्लोमा, एएनएम तथा एमबीबीएस, बीएएमएस और बीएचएमएस डिग्रीधारी युवा भी भाग ले सकेंगे. इसके अतिरिक्त एक अन्य आयोजन में भी 14 कंपनियां 2228 रिक्तियां लेकर पहुंच रही हैं, जहां मैट्रिक से लेकर बीई-बीटेक पास अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा.
लोहरदगा में 26 नवंबर को 14 कंपनियां देंगी नौकरीः
लोहरदगा जिले के कुडू स्थित आईटीआई परिसर में आगामी 26 नवंबर को रोजगार मेला लगाया जायेगा. इस मेले में 14 निजी कंपनियां कुल 2258 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए शामिल हो रही हैं. यहां बीमा सखी, एएसएम, इंश्योरेंस एडवाइजर, सेंटर मैनेजर, एकाउंट एग्जीक्यूटिव, एचआर एग्जीक्यूटिव, कुक, फील्ड ऑफिसर, शिक्षक, सेल्स एग्जीक्यूटिव और रिलेशनशिप ऑफिसर समेत विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन किया जायेगा.


