ट्यूब्स बिजनेस 11,700 करोड़ और टाटा स्टील कलर्स 16,300 करोड़ रुपये में एपीएल अपोलो को सौंपेगी कंपनी, 31 मार्च 2028 तक सौदा पूरा करने का लक्ष्य
जमशेदपुर। टाटा स्टील ने अपने कारोबारी ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी कर ली है। कंपनी अपने दो महत्वपूर्ण डाउनस्ट्रीम कारोबार एपीएल अपोलो ट्यूब्स को बेचने जा रही है। करीब 28 हजार करोड़ रुपये के इस बड़े सौदे में ट्यूब्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। खास बात यह है कि इस फैसले का सीधा संबंध जमशेदपुर के औद्योगिक क्षेत्र से भी है। ट्यूब्स बिजनेस के तहत जमशेदपुर स्थित निर्माण इकाई समेत देश के चार शहरों के प्लांट एपीएल अपोलो के पास चले जाएंगे।
कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को हुई बैठक में दोनों सौदों को मंजूरी दे दी। टाटा स्टील का कहना है कि इस फैसले के पीछे डाउनस्ट्रीम पोर्टफोलियो को व्यवस्थित करना और मुख्य स्टील कारोबार पर अधिक ध्यान केंद्रित करना है। हालांकि, यह बदलाव तत्काल प्रभाव से नहीं होगा। दोनों समझौते जरूरी कानूनी और नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर हैं। कंपनी ने इन्हें 31 मार्च 2028 या उससे पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
11,700 करोड़ रुपये में बिकेगा ट्यूब्स बिजनेस
टाटा स्टील अपने ट्यूब्स कारोबार को एपीएल अपोलो ट्यूब्स को चालू कारोबार के आधार पर बेचेगी। इसके लिए बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट किया जाएगा। इस सौदे का मूल्य 11,700 करोड़ रुपये तक निर्धारित किया गया है।
इस हस्तांतरण में जमशेदपुर के अलावा होसुर, खोपोली और साहिबाबाद स्थित स्टील ट्यूब्स एवं पाइप निर्माण इकाइयां शामिल हैं। इसके साथ ही खोपोली की कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील इकाइयां भी एपीएल अपोलो को हस्तांतरित की जाएंगी।
जमशेदपुर के लिहाज से यह सौदा काफी अहम है, क्योंकि शहर की ट्यूब्स इकाई भी इस बड़े कारोबारी हस्तांतरण का हिस्सा है।
16,300 करोड़ में बिकेगी टाटा स्टील कलर्स
दूसरे बड़े समझौते के तहत टाटा स्टील अपनी सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी 100 फीसदी हिस्सेदारी एपीएल अपोलो ट्यूब्स को बेचेगी। इस सौदे का मूल्य 16,300 करोड़ रुपये तय किया गया है।
फिलहाल टाटा स्टील कलर्स में टाटा स्टील की 50 फीसदी और उसकी सहायक कंपनी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीएसडीपीएल) की 50 फीसदी हिस्सेदारी है। सौदा पूरा होने के बाद दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी एपीएल अपोलो को हस्तांतरित हो जाएगी।
इस सौदे से मिलने वाली रकम में 8,150 करोड़ रुपये सीधे टाटा स्टील को मिलेंगे, जबकि इतनी ही राशि टीएसडीपीएल को प्राप्त होगी। इस तरह टाटा स्टील कलर्स का पूरा स्वामित्व एपीएल अपोलो के पास चला जाएगा।
आखिर क्यों कारोबार बेच रही है टाटा स्टील?
टाटा स्टील के इस फैसले के पीछे कारोबार को अधिक केंद्रित और प्रभावी बनाने की रणनीति है। कंपनी के मुताबिक, एपीएल अपोलो ट्यूब्स की स्टील ट्यूब्स, पाइप्स और कलर कोटेड कॉइल्स के बाजार में मजबूत उपस्थिति है। उसका विस्तृत वितरण नेटवर्क और बाजार का अनुभव इन कारोबारों को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है।
वहीं, टाटा स्टील अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार का बेहतर मूल्य हासिल कर मुख्य स्टील उत्पादन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एपीएल अपोलो टाटा ग्रुप या उसके प्रमोटर ग्रुप का हिस्सा नहीं है। इस सौदे से टाटा स्टील के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में कोई बदलाव नहीं होगा।
नवंबर 2025 में हुआ था टाटा स्टील कलर्स का अधिग्रहण
टाटा स्टील कलर्स के स्वामित्व में भी पिछले कुछ समय में बड़ा बदलाव हुआ है। नवंबर 2025 में टाटा स्टील ने अपने संयुक्त उद्यम भागीदार की 50 फीसदी हिस्सेदारी करीब 1,100 करोड़ रुपये में खरीदने का फैसला किया था। आवश्यक मंजूरियों के बाद अप्रैल 2026 में यह कंपनी टाटा स्टील की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन गई। इसके बाद इसका नाम बदलकर टाटा स्टील कलर्स कर दिया गया।
वित्त वर्ष 2025-26 में टाटा स्टील कलर्स का टर्नओवर करीब 11,375 करोड़ रुपये रहा था, जो टाटा स्टील के समेकित राजस्व का लगभग 4.9 फीसदी था। मार्च 2026 तक कंपनी की नेटवर्थ 3,274 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी।
कुल मिलाकर, करीब 28 हजार करोड़ रुपये का यह सौदा टाटा स्टील की कारोबारी रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। वहीं, जमशेदपुर की ट्यूब्स इकाई के नए प्रबंधन के तहत जाने से शहर के औद्योगिक परिदृश्य में भी इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


