14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा के परिणाम को लेकर उठे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने घोषणा की कि 22 जुलाई को सुबह 10 बजे भाजपा युवा मोर्चा जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेगा. इस अवसर पर आंदोलन का पोस्टर भी जारी किया गया, जिस पर लिखा था, JPSC कार्यालय घेराव, छात्रों की हुंकार, अब नहीं सहेगा रोजगार का व्यापार.
शशांक राज ने आरोप लगाया कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद भी आयोग ने अब तक कट-ऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए हैं. उनका कहना था कि इससे पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और अभ्यर्थियों के मन में संदेह उत्पन्न हो रहा है
उन्होंने कहा कि जिस तरीके से परीक्षा परिणाम जारी किया गया और अब तक कट-ऑफ नहीं बताया गया, वह न्यायसंगत नहीं है. उनका आरोप था कि आयोग पहले भी पारदर्शिता को लेकर सवालों के घेरे में रहा है और भाजपा युवा मोर्चा लगातार इसका विरोध करता आया है.
युवा मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा और परिणाम को लेकर कई अभ्यर्थियों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं. ऐसे में आयोग को पूरी चयन प्रक्रिया, कट-ऑफ और अन्य आवश्यक जानकारियां सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि छात्रों की शंकाओं का समाधान हो सके.
भाजपा युवा मोर्चा ने मांग की है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा और चयन प्रक्रिया को रद्द कर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. संगठन का कहना है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. शशांक राज ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
उन्होंने प्रतियोगी छात्रों, छात्र संगठनों और युवाओं से 22 जुलाई को होने वाले जेपीएससी कार्यालय घेराव में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल भाजपा युवा मोर्चा का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों प्रतियोगी छात्रों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई है.
प्रेसवार्ता में युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और जेपीएससी ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.



