अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा प्रतिरोध दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक और महिला संगठनों ने मिलकर बगईचा सोशल सेंटर के अखड़ा से 16 दिवसीय पखवाड़े की शुरुआत की। आदिवासी विमेंस नेटवर्क (AWN), छोटानागपुर सांस्कृतिक संघ (CSS), अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला असोसिएशन (AIPWA), झारखंड घरेलू कामगार यूनियन, नेमहा वैली फाउंडेशन, सम्भवा इंजोर, हाशिया सोशल लीगल सेंटर फॉर वीमेन, J-PAL साउथ एशिया और इंटर स्टेट आदिवासी विमेंस नेटवर्क (ISAWN) के संयुक्त तत्वावधान में 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की रूपरेखा और लीगल सपोर्ट टीम का गठनः
उद्घाटन सत्र में किरण ने 16 दिवसीय पखवाड़े के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। पखवाड़े के दौरान मानसिक स्वास्थ्य पर कार्यशाला, घरेलू कामगारों के अधिकारों और CEDAW (महिलाओं के प्रति सभी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने वाली संविदा) पर आधारित समानता को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही, महिलाओं की कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच को सरल बनाने के लिए वकीलों की एक ‘लीगल सपोर्ट टीम’ बनाने पर सहमति बनी, जो पीड़ित महिलाओं को मुफ्त कानूनी सलाह और सहयोग देगी।
लैंगिक संवेदनशीलता और कानूनी जागरूकता पर जोरः
कार्यक्रम में रश्मि बिरुआ ने मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता पर सत्र लिया, जबकि पियूशिता टुडू ने कानूनी प्रक्रिया में सक्रियता की बात रखी। सच्ची ने कहा कि जब तक समाज लैंगिक रूप से संवेदनशील नहीं होगा, तब तक कानून दंतविहीन रहेंगे; इसलिए सपोर्ट सिस्टम को मजबूत करना आवश्यक है। एलिना ने CEDAW के तीन सिद्धांतों-समानता, अभेदभावपूर्ण व्यवहार और राष्ट्र के दायित्व—पर चर्चा करते हुए भारत द्वारा पिछले दो टर्म से पीरियोडिक रिपोर्ट न सौंपे जाने पर चिंता जताई। वहीं, नंदिता ने पितृसत्तात्मक गैर-बराबरी खत्म करने के लिए मुफ्त शिक्षा को जरूरी बताया और अनीमा बा ने व्यवस्था में बदलाव की वकालत की। इस अवसर पर सिमडेगा से अगुस्तिना सोरेन, आशा तिर्की, अश्वती शर्मा, इशिता जेठवा, रेजिना टोप्पो, रीना किसपोट्टा, माला कुजूर, रोज़ मधु कुजूर, सुमी उरांव, हीरा मिंज, शेषागिरी और अधिवक्ता मिहिर सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


