-कुलाधिपति के सम्मान में आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति सोनक ने न्यायिक निर्णयों के आलोचनात्मक विश्लेषण और स्वतंत्र चिंतन पर दिया जोर
रांची। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल), रांची की ओर से झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया। अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश श्री सोनक ने विधि शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए न्यायिक निर्णयों का आलोचनात्मक विश्लेषण करने और विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन विकसित करने का आह्वान किया।
शोध और स्वतंत्र चिंतन पर जोरः
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सोनक ने कहा कि शिक्षकों, शोधार्थियों और विधि विशेषज्ञों को न्यायिक निर्णयों का केवल अध्ययन करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें विभिन्न निर्णयों की तुलना अन्य मामलों, विधिक सिद्धांतों और विचारधाराओं से करते हुए शोध पत्र व लेख लिखने चाहिए। विधि शिक्षकों को भविष्य के न्यायपालिका कर्णधारों को गढ़ने वाला बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को नैतिक मूल्यों और स्वयं विचार करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना चाहिए। दार्शनिक वोल्तेयर का उदाहरण देते हुए उन्होंने असहमति के बावजूद अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करने की बात कही।
संस्थान के प्रति अटूट जुड़ाव का आश्वासनः
विश्वविद्यालय से अपने लगाव को साझा करते हुए न्यायमूर्ति सोनक ने कहा कि संस्थान के प्रति उनका स्नेह और सम्मान सदैव बना रहेगा। उन्होंने वर्तमान और भावी विद्यार्थियों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जब संस्थान को उनकी आवश्यकता होगी, वे सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की सहायता करना उनके लिए कृपा नहीं, बल्कि एक दायित्व होगा। साथ ही, उन्होंने संस्थान को अपनी कमियों को विनम्रता से स्वीकार करने और उपलब्धियों पर गर्व करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कुलपति ने जताया आभारः
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल ने मुख्य न्यायाधीश के मार्गदर्शन को संस्थान के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति सोनक के साथ स्थापित संबंध औपचारिक पद और कार्यकाल की सीमाओं से परे हैं। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) धर्मिंदर कुमार सहित अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में एनयूएसआरएल परिवार ने न्यायमूर्ति सोनक के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


