-भोपाल में खेले जा रहे टूर्नामेंट में दीपिका के दो और लालरेमसियामी व नेहा के एक-एक गोल से भारत ने दर्ज की लगातार पांचवीं जीत, सेफा में मलेशिया से होगा मुकाबला
भोपाल/रांची। झारखंड की बेटियों की मजबूत भागीदारी से सजी भारतीय महिला हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में अपना शानदार विजय अभियान जारी रखा है। बुधवार को खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में मेजबान भारत ने अजेय चल रहे जापान को 4-0 से करारी शिकस्त दी। इस लगातार पांचवीं जीत के साथ भारत 15 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर रहा और अब सेमीफाइनल में उसका सामना मलेशिया से होगा। इस ऐतिहासिक जीत की बदौलत भारतीय टीम ने महज 24 घंटे के भीतर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए एफआईएच (FIH) विश्व रैंकिंग में पांचवें से चौथे स्थान पर छलांग लगाई है, जो टीम की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
पहले हाफ में ही भारत ने बनाई 3-0 की मजबूत बढ़तः
मुख्य कोच शोर्ड मारिन की टीम ने जापान के शुरुआती दबाव का बखूबी सामना किया। मैच के 12वें मिनट में नवनीत के शानदार पास पर लालरेमसियामी ने रिवर्स-फ्लिक के जरिए गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके चार मिनट बाद ही 16वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। 28वें मिनट में एक अन्य पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका का शॉट जापानी गोलकीपर ने रोक लिया, लेकिन रिबाउंड पर नेहा ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद को नेट में डाल दिया। हाफ टाइम तक भारत 3-0 से आगे था।
चौथे क्वार्टर में दीपिका ने दागा दूसरा गोलः
मध्यांतर के बाद जापान ने वापसी की कोशिश की और 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसे नाकाम कर दिया। मिडफील्ड में बलजीत कौर, ज्योति सिंह और रुतुजा पिसल ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। मैच के 48वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक और शक्तिशाली गोल दागकर भारत की जीत 4-0 से सुनिश्चित कर दी।
सेमीफाइनल की तस्वीर साफः
दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराकर अंतिम-चार में जगह बनाई, जबकि चीन ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी। अब 27 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत का सामना मलेशिया से और चीन की भिड़ंत जापान से होगी।


