-रायपुर में हाईटेक मोबाइल शोरूम में बड़ी चोरी का खुलासा, 265 किलोमीटर तक पुलिस ने की जांच; दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
रायपुर (छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरों ने बेहद शातिर और फिल्मी अंदाज में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि महज आठ मिनट के भीतर दुकान से 173 आईफोन लेकर फरार हो गए। पुलिस की तफ्तीश में इस बड़ी वारदात के पीछे मध्यप्रदेश के कुख्यात कंजर गैंग का हाथ होने का खुलासा हुआ है।
डीवीआर और स्मार्ट गैजेट्स भी ले गए थे साथः
चोरों ने सबूत मिटाने और ज्यादा से ज्यादा माल समेटने के लिए पूरी योजना के साथ दुकान में धावा बोला था। वे दुकान से केवल आईफोन ही नहीं, बल्कि महंगी स्मार्ट वॉच, हेडफोन और अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए थे।
265 किमी दायरे में खंगाले 1000 सीसीटीवी कैमरेः
हाई-प्रोफाइल चोरी की इस घटना के बाद रायपुर पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया। करीब 40 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने 265 किलोमीटर के लंबे दायरे में लगे लगभग 1000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली। सुराग मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक रवाना की गईं।
कोलकाता के चोर बाजार में खपाए गए आईफोन, 125 बरामदः
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए आईफोन्स की एक खेप कोलकाता के चोर बाजार में बेची गई थी। पुलिस ने अब तक विभिन्न ठिकानों से 125 आईफोन बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष करीब 40 आईफोन की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
विदेश भागने की फिराक में था आरोपी, दो गिरफ्तारः
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए राकेश कंजर और सैफान नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गैंग के दो अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सैफान देश छोड़कर विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते उसे धर दबोचा। हजारों घंटों की सीसीटीवी जांच और 40 जवानों की कड़ी मेहनत के बाद हुए इस खुलासे के बाद अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


