सरला बिरला विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया ‘संविधान गौरव दिवस’, वक्ताओं ने नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों पर दिया जोर
सरला बिरला विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘संविधान गौरव दिवस’ हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन विधि संकाय और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद, भाजपा राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत का प्रतिबिंब है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और अनुच्छेद 51ए के तहत मौलिक कर्तव्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी अनिवार्य है।
डॉ. वर्मा ने अनुच्छेद 356 और अब तक हुए 106 संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि यह बदलाव देश की बदलती सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप इसकी विकासशील प्रकृति को दर्शाते हैं। उन्होंने वेदों, उपनिषदों और भारतीय परंपराओं का हवाला देते हुए भारतीय संस्कृति व संवैधानिक मूल्यों के गहरे संबंधों को रेखांकित किया और सामाजिक समरसता पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र के प्रति दायित्वों को याद रखने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया के जरिए संवैधानिक जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें डॉ वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। संचालन डॉ. गगनदीप चड्ढा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुबीर कुमार ने किया।


