जमशेदपुर प्लांट के प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरणीय शर्तों के पालन को लेकर याचिका दायर, सुवर्णरेखा-खरकई नदी में प्रदूषण से लेकर स्लैग हटाने तक के मुद्दे उठाए गए

जमशेदपुर: टाटा स्टील लिमिटेड के जमशेदपुर संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी शर्तों के पालन का मामला अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) पहुंच गया है। कंपनी को जारी संचालन अनुमति (CTO) में निर्धारित पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन पर सवाल उठाते हुए रेयाज शरीफ ने अपने अधिवक्ता आकाश शर्मा के माध्यम से NGT की कोलकाता स्थित पूर्वी क्षेत्रीय पीठ में मूल आवेदन दाखिल किया है। याचिका में पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
पुराने आदेश की शर्तों पर उठाए सवाल
याचिका में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) की ओर से 24 मई 2012 को जारी संचालन अनुमति का हवाला दिया गया है। इस आदेश के तहत टाटा स्टील को शैक्षणिक संस्थानों और रिहायशी इलाकों को औद्योगिक गतिविधियों के प्रभाव से बचाने के लिए स्थानांतरण योजना की प्रगति रिपोर्ट हर तीन महीने में बोर्ड को सौंपनी थी।
हालांकि, याचिकाकर्ता का कहना है कि 17 दिसंबर 2021 को जारी नए CTO में यह विशिष्ट शर्त पहले की तरह शामिल नहीं की गई। यह अनुमति 31 दिसंबर 2026 तक वैध है। ऐसे में याचिका के माध्यम से सवाल उठाया गया है कि पुरानी शर्त को हटाने या बदलने के पीछे क्या आधार था और क्या इसका अनुपालन सुनिश्चित किया गया था।
याचिकाकर्ता ने कंपनी की मूल अंडरटेकिंग, स्वीकृत स्थानांतरण योजना, त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निरीक्षण रिपोर्ट की जांच कराने की मांग की है।
नदियों में प्रदूषण और औद्योगिक कचरे का मुद्दा भी उठा
याचिका में केवल CTO की शर्तों तक मामला सीमित नहीं है। इसमें सुवर्णरेखा और खरकई नदियों में प्रदूषण, नदी तल और किनारों पर औद्योगिक स्लैग जमा होने तथा गंदे पानी के शोधन और निकासी से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए हैं।
इसके अलावा, जुगसलाई मॉक डंप के पुनर्वास, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण और औद्योगिक क्षेत्र में हरित पट्टी विकसित करने जैसी पर्यावरणीय शर्तों के पालन पर भी सवाल किए गए हैं।
याचिकाकर्ता ने 1 अप्रैल 2008 को जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) और कंपनी की अक्टूबर 2022 से मार्च 2023 तथा अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 की पर्यावरण अनुपालन रिपोर्ट का हवाला देते हुए जीरो एफ्लुएंट डिस्चार्ज और शोधित जल से जुड़े आंकड़ों के स्वतंत्र सत्यापन की मांग की है।
स्वतंत्र संयुक्त जांच समिति बनाने की मांग
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए NGT से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB), झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल करते हुए संयुक्त जांच समिति गठित करने का आग्रह किया गया है।
साथ ही, वर्ष 2008 में निर्धारित पर्यावरणीय शर्तों के तहत नदी तल से स्लैग हटाने और जुगसलाई मॉक डंप के पुनर्वास को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कार्रवाई रिपोर्ट मांगे जाने की भी मांग की गई है।
टाटा स्टील ने क्या कहा?
इस मामले पर टाटा स्टील के प्रवक्ता से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल कंपनी को इस मामले की जानकारी नहीं है। संबंधित दस्तावेज देखने के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकेगा।
फिलहाल, याचिका NGT के विचाराधीन है। अब इस मामले में अधिकरण की ओर से होने वाली आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।


