दिसंबर के पहले सप्ताह में होगी आपातकालीन अभ्यास की तैयारी, औद्योगिक इकाई से लेकर भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक इलाके तक परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था; DC अजय नाथ झा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

किसी भी आपातकालीन स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने और राहत-बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में जिले के दो अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसमें चंद्रपुरा स्थित डीवीसी थर्मल पावर प्लांट और बोकारो के सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर को शामिल किया गया है।
शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस, एयर रेड, ब्लैक आउट और मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा को मॉक ड्रिल की तिथि और समय निर्धारित करने का निर्देश दिया।
औद्योगिक इकाई में परखी जाएगी आपातकालीन तैयारी
प्रस्तावित मॉक ड्रिल के तहत चंद्रपुरा डीवीसी थर्मल पावर स्टेशन में संभावित औद्योगिक आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। यहां यह देखा जाएगा कि किसी अप्रत्याशित घटना के दौरान संबंधित एजेंसियां कितनी तेजी से सक्रिय होती हैं और राहत एवं बचाव कार्यों को किस तरह अंजाम देती हैं।
उपायुक्त ने बैठक में बताया कि इससे पहले बोकारो स्टील प्लांट में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की जा चुकी है। अब डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट में अभ्यास के माध्यम से विद्युत उत्पादन इकाई की सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का आकलन किया जाएगा।
सिटी सेंटर में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित निकासी की होगी परीक्षा
दूसरी मॉक ड्रिल बोकारो के सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर में आयोजित करने की योजना है। यह एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां किसी आपदा या आपातकालीन स्थिति में बड़ी संख्या में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।


