दो महीने से लॉज में ठिकाना बनाकर रच रहे थे बड़ी वारदात की साजिश, हथियार और तीन बाइक बरामद
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो महीने से निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव स्थित एक लॉज में ठहरे हुए थे। यहां रहकर वे बैंक और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड के किनारे स्थित एक लॉज में कुछ संदिग्ध लोग बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डुमरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की। इसके बाद पुलिस टीम ने लॉज में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी करीब दो महीने से इलाके में ठिकाना बनाकर लूट की योजना तैयार कर रहे थे। उनके निशाने पर गिरिडीह बाजार का एक बैंक और एक बड़ा ज्वेलरी प्रतिष्ठान था। इसके अलावा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स को भी लूटने की तैयारी थी।
बिहार और यूपी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार और वैशाली निवासी जयंत कुमार, प्रियांशु कुमार तथा रंजन कुमार शामिल हैं।
पिस्टल, देसी कट्टा और तीन बाइक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आकाश सिंह और जयंत कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।


