बोकारो, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोकारो के उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने सेक्टर-05 स्थित मानव सेवा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव आत्मीयता और उल्लास के साथ मनाया। इस दौरान आश्रम परिसर में देशभक्ति के साथ संवेदनशीलता और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने आश्रम में रह रहे दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर उपायुक्त के साथ मौजूद अन्य पदाधिकारियों ने भी बच्चों के बीच मिठाई के पैकेट वितरित किए। मिठाई मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों की मुस्कान और उत्साह से आश्रम परिसर में खुशी और अपनत्व का माहौल बन गया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय गौरव का पर्व नहीं, बल्कि समानता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देने वाला अवसर भी है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने मानव सेवा आश्रम के प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की और बच्चों के बेहतर भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस श्री अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता श्री सुनील चन्द्र और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने राष्ट्रीय पर्व को सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए बच्चों के बीच खुशियां बांटने का संदेश दिया।
इसे भी पढ़े – CM हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी, बोकारो का युवक गिरफ्तार


