रांची/जमशेदपुर: टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच कर्मचारियों के वेतन खाते और वेतन पैकेज सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील परिसर में हुए इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाओं के साथ बीमा और वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
MoU के तहत टाटा स्टील के स्थायी कर्मचारियों के अलावा पात्र संविदा कर्मियों को भी SBI के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज से जोड़ने की पहल की गई है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को विभिन्न बैंकिंग और बीमा सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
1.10 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा
SBI के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत वेतन स्लैब, खाते के वैरिएंट और पात्रता के आधार पर कर्मचारियों को अधिकतम 1.10 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिल सकता है। इसमें एक करोड़ रुपये तक का मुख्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड के माध्यम से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा शामिल है।
हालांकि, बीमा राशि और अन्य सुविधाएं कर्मचारी के वेतन पैकेज और पात्रता के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। निर्धारित वेतन पैकेज के तहत इन सुविधाओं के लिए कर्मचारियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
परिवार के सदस्यों को भी दुर्घटना बीमा
SBI के रिश्ते खाते के गोल्ड और उससे ऊपर के वैरिएंट के तहत कर्मचारी के परिवार के अधिकतम चार सदस्यों को पांच-पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मिल सकता है। इस तरह परिवार के लिए कुल 20 लाख रुपये तक का कवर उपलब्ध होगा।
इसके अलावा दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु होने की स्थिति में बच्चों की स्नातक स्तर तक उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त कवर दिया जा सकता है। वहीं अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए पांच-पांच लाख रुपये यानी कुल 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान भी है। ये सभी सुविधाएं निर्धारित नियमों और पात्रता के अधीन होंगी।
स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं भी पैकेज में शामिल
वेतन पैकेज के तहत कर्मचारियों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के अलावा वायु दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण या आंशिक दिव्यांगता कवर और स्वास्थ्य बीमा में बेस कवर एवं सुपर टॉप-अप जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट लाउंज, यात्रा लाभ, OTT सेवाएं, स्वास्थ्य जांच, जिम, स्पा, गोल्फ और फिल्म टिकट सहित कई अन्य बैंकिंग एवं लाइफस्टाइल सुविधाएं भी पैकेज में शामिल हैं।
कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता
SBI के महाप्रबंधक एवं झारखंड राज्य प्रमुख बेनुधर पाढ़ी ने कहा कि टाटा स्टील के साथ बैंक का संबंध लंबे समय से मजबूत और विश्वसनीय रहा है। उन्होंने कहा कि नए MoU के माध्यम से पात्र संविदा कर्मियों तक भी वेतन पैकेज की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बैंक का प्रयास है कि कर्मचारियों को वेतन खाते के साथ दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य उपयोगी बैंकिंग सुविधाएं बिना अतिरिक्त शुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
इन अधिकारियों ने किया MoU पर हस्ताक्षर
समझौता ज्ञापन पर टाटा स्टील की ओर से उपाध्यक्ष, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्थिरता राजीव मंगल और SBI के प्रशासनिक कार्यालय, रांची के उप महाप्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर SBI के उप महाप्रबंधक आलोक कुमार, उप महाप्रबंधक पंकज झा, मुख्य प्रबंधक एवं कॉरपोरेट सैलरी पैकेज टीम लीडर विकास पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक जमशेदपुर कन्हैया कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टाटा स्टील की ओर से CHRO जुबिन पालिया समेत वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


