भागलपुर। भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा सामने आया है। मजदूरों को लेकर नदी पार कर रही नाव गंगा की तेज धारा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते कई मजदूर गंगा की तेज धार में बहने लगे।
12 मजदूर सुरक्षित, छह लापता
जानकारी के मुताबिक, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के लिए नदी पार कर रहे थे। हादसे के बाद 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में कामयाब रहे, जबकि करीब छह मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
SDRF और गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और SDRF की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की मदद से लापता मजदूरों की तलाश में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के नाव के नीचे दबे होने की भी आशंका है, जिसके चलते रेस्क्यू टीम नदी की तेज धारा के बीच नाव के आसपास भी लगातार तलाश कर रही है।
हादसे का वीडियो वायरल
हादसे का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नाव पलटने के बाद गंगा की तेज धारा में मची अफरा-तफरी और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते देखा जा सकता है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव अभियान जारी है, और सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि लापता मजदूरों को SDRF की टीम कितनी जल्द सुरक्षित बाहर निकाल पाती है।


