रांची। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची में भारतीय सेना के वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने जवानों को राखी बांधी और उनके साथ आत्मीय संवाद कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले भारतीय सेना के जवानों के प्रति प्रत्येक देशवासी के मन में अपार सम्मान और कृतज्ञता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों का साहस, पराक्रम, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण देश की सबसे बड़ी शक्ति है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सैनिक अपने कर्तव्य पर अडिग रहते हैं और देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए भावनात्मक और गौरवपूर्ण अवसर है। जवानों के साथ यह आत्मीय मिलन राष्ट्र और उसके रक्षकों के बीच विश्वास, स्नेह और सम्मान की डोर को और मजबूत करता है।
उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति हमेशा सम्मान, कृतज्ञता और संवेदना का भाव बनाए रखना चाहिए।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर जवानों के साथ रक्षा राज्य मंत्री का यह आत्मीय मिलन देश के प्रति सैनिकों के समर्पण और आम नागरिकों के उनके प्रति सम्मान को दर्शाता नजर आया


