रांची, 28 अगस्त 2026। आर्मी पब्लिक स्कूल, रांची के तत्वावधान में ईस्टर्न कमांड इंटर आर्मी पब्लिक स्कूल वॉलीबॉल (बालक) प्रतियोगिता-2026 का आयोजन शुरू हो गया है। दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 28 और 29 अगस्त को आर्मी पब्लिक स्कूल, रांची में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 61 इन्फैंट्री ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर मनोज झा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्रिगेडियर मनोज झा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में एपीएस बशिष्ठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एपीएस दीनजान को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। बशिष्ठा की टीम ने दोनों सेटों में 25-10 और 25-10 से एकतरफा जीत दर्ज की।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में एपीएस बेंगडुबी ने एपीएस बागराकोट को 2-0 से पराजित किया। बेंगडुबी ने पहला सेट 25-3 और दूसरा सेट 25-11 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
अब प्रतियोगिता के फाइनल में एपीएस बशिष्ठा और एपीएस बेंगडुबी की टीमें आमने-सामने होंगी। जबकि तीसरे स्थान के लिए मुकाबला एपीएस दीनजान और एपीएस बागराकोट के बीच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का समापन समारोह और फाइनल मुकाबला 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीम का फैसला होगा।


