फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कॉकपिट के भीतर हुए हमले के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को गुजरात सरकार ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए यह सम्मान अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X के जरिए देने की घोषणा की है।

रिपोर्टों के अनुसार
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच गंभीर घटना हुई। रिपोर्टों के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके को-पायलट ने हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे उतरने लगा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने स्थिति का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में भूमिका निभाई। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित आपात लैंडिंग हुई। विमान में 174 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन मच्छार के साहस की प्रशंसा की
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन मच्छार के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया और एक बड़ी संभावित त्रासदी को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कैप्टन को गुजराती मूल का बहादुर बेटा बताते हुए उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना भी की।
कैप्टन मच्छार फिलहाल उपचार और स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया में हैं। उनके साहस को लेकर देशभर में चर्चा है और गुजरात सरकार का यह सम्मान उनकी बहादुरी को औपचारिक मान्यता देगा।


