बोकारो: गांधी जयंती के मौके पर बोकारो में श्रद्धांजलि के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। डीसी अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीणा और डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद समाहरणालय परिसर में अधिकारियों ने खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

सेक्टर-4 स्थित गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद खादी भवन में भी गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। DC ने लोगों से देश में बनी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और खादी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की।
इसके बाद सेक्टर-6 में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी गई। डीसी ने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन से जिम्मेदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की सीख मिलती है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने शास्त्री के योगदान को याद करते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश का उल्लेख किया।
समाहरणालय में अधिकारियों ने लगाई झाड़ू
गांधी जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के समापन के मौके पर समाहरणालय परिसर और आसपास सफाई अभियान चलाया गया। डीसी, एसपी, डीडीसी समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर सफाई की। इस दौरान स्वच्छता की शपथ और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
डीसी ने कहा कि 15 दिन का अभियान पूरा हो गया है, लेकिन स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से खुले में कचरा नहीं फेंकने और सफाई कर्मियों के योगदान का सम्मान करने की अपील की। साथ ही नदियों और जल स्रोतों को साफ रखने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद कर उन्हें गांधी और शास्त्री के जीवन एवं विचारों को जानने और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने जिलेवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।
इसे भी पढ़े – एशियन गेम्स में चमकी हजारीबाग की कीर्ति शर्मा, भारत ने पहली बार महिला रिकर्व में जीता गोल्ड


