रांची : राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के दुबलिया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक हिंसक संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि 100 से अधिक हथियारबंद महिला-पुरुषों की भीड़ ने एक 74 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता राम नरेश सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। आरोप है कि हमलावरों ने मौके पर खड़ी गाड़ी में रखे 10 लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप, मोबाइल, ड्रोन कैमरा और सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेसीबी से जमीन की सफाई के दौरान पहुंची भीड़
बरियातु के कुसुम विहार निवासी अधिवक्ता राम नरेश सिंह ने पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उनका बेटा विक्रमादित्य सिंह दुबलिया गांव स्थित अपनी 10 एकड़ जमीन पर जेसीबी मशीन से झाड़ियों की सफाई और चहारदीवारी निर्माण का काम करवा रहा था। इसी दौरान अधिवक्ता राम नरेश सिंह भी वहां पहुंचे। आरोप है कि तभी गांव के कुछ लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
11 नामजद समेत 100 से अधिक लोगों पर हमले का आरोप
अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में बहादुर उरांव, सचिन कुमार और विमल उरांव समेत 11 लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा करीब 100 से अधिक अज्ञात महिला-पुरुषों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के मुताबिक, हमलावरों के पास लोहे की रॉड, फरसा और अन्य हथियार थे। भीड़ ने अधिवक्ता को घेरकर पीछे से सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। पिता को बचाने के लिए जब विक्रमादित्य उनके ऊपर लेट गए, तो आरोपियों ने उन पर भी फरसे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
10 लाख रुपये नकद, लैपटॉप और सोने की चेन ले जाने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने अधिवक्ता की लाइसेंसी राइफल छीनने की कोशिश की और विक्रमादित्य के गले से सोने की चेन झपट ली। मौके पर खड़ी बोलेरो (JH 01 BP 2367) और एक अन्य कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अधिवक्ता के अनुसार, गाड़ी में रखे दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, ड्रोन कैमरा और मजदूरों के भुगतान के लिए रखे 10 लाख रुपये नकद भी लूट लिए गए। हमलावरों ने निर्माण स्थल पर रखे पानी के टैंकर, सीमेंट और कंटेनर हाउस को भी तहस-नहस कर दिया। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना से एक दिन पहले भी जमीन पर दावा करने पहुंचे थे लोग
प्राथमिकी में अधिवक्ता ने बताया है कि घटना से एक दिन पहले, यानी 26 अक्टूबर को किशोरगंज निवासी आशुतोष शाहदेव कुछ ग्रामीणों के साथ जमीन पर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने जमीन पर अपना दावा जताते हुए धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन जमीन की सफाई और निर्माण कार्य के दौरान हमला हो गया। पुलिस अब इस कथित जमीन विवाद और हमले के बीच संबंध की जांच कर रही है।
फ़िलहाल पिठोरिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
