गुजरात की सांस्कृतिक नगरी वडोदरा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सयाजीबाग में जल्द ही पर्यटकों के लिए एक अनूठा और रोमांचक आकर्षण जुड़ने जा रहा है। वडोदरा महानगरपालिका (VMC) द्वारा यहां करीब 12.70 करोड़ रुपये की लागत से एक विशेष ‘क्रोकोडाइल ब्रिज’ का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के बीचों-बीच बहने वाली विश्वामित्री नदी में रहने वाले मगरमच्छों को पर्यटन से जोड़ना है।
बडोदरा महानगरपालिका ने इस ब्रिज का डिजाइन तैयार कर लिया है। योजना के अनुसार, इसका निर्माण कार्य अगले वर्ष की शुरुआत में आरंभ होने की संभावना है। इस ब्रिज को इस तरह डिजाइन किया गया है कि पर्यटक पूरी सुरक्षा के साथ बेहद करीब से मगरमच्छों की गतिविधियों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देख सकेंगे।
गौरतलब है कि विश्वामित्री नदी मगरमच्छों के प्राकृतिक आवास के रूप में देशभर में जानी जाती है। अब तक लोगों को इन्हें देखने के लिए चिड़ियाघर या सफारी पार्क का रुख करना पड़ता था, लेकिन इस ब्रिज के बन जाने के बाद सैलानियों को खुले और प्राकृतिक माहौल में मगरमच्छों का दीदार करने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना विशेष रूप से बच्चों, छात्रों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और रोमांचकारी साबित होगी। इसके निर्माण से न केवल सयाजीबाग आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि वडोदरा में इको-टूरिज्म को भी नई गति मिलेगी।


