मोहनपुर मोड़ के पास हुआ हादसा, बस में सवार थे 50 से अधिक यात्री; तीन साल की बच्ची भी घायल, दो लोगों को धनबाद किया गया रेफर
जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और चांदनी यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस में सवार आठ यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, चांदनी यात्री बस धनबाद से दुमका की ओर जा रही थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। वहीं, ट्रक जामताड़ा से नारायणपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान मोहनपुर मोड़ के समीप ट्रक ने बस के दाहिने हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने घायलों को पिकअप वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। घायलों में बिनोद दास (65), करोना देवी (56), दिवाकर भंडारी (66), बंशीका कुमारी (3), अंकुश कुमार (37), मुमताज अंसारी (18) और मरियम मुर्मू (30) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
दो घायलों की हालत गंभीर, धनबाद रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अर्नब स्वरूप के मुताबिक, दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। बाकी घायलों का नारायणपुर में ही उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
