एक अन्य नाबालिग को पुलिस ने निरुद्ध किया; सहेली के साथ छेड़खानी का भी आरोप, मामले की जांच जारी

रांची: राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा ट्यूशन पढ़ने के बाद अपनी सहेली और उसके भाई के साथ घूमने गई थी। इस दौरान उनके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वहीं, उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा ने परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर चान्हो थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


