समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों सभी तैयारियां, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रांची: आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बुधवार को मोराबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होना चाहिए।
उन्होंने मंच निर्माण, विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि आदिवासी महोत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, TRI निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
