चाईबासा-मिरुडीह सड़क पर जांच के दौरान पकड़ा गया वाहन, ट्रैक्टर पर लदे थे करीब 100 घनफीट स्टोन बोल्डर; मालिक समेत संबंधित लोगों पर होगी कार्रवाई
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला खनन कार्यालय की टीम ने चाईबासा-मिरुडीह सड़क पर जांच के दौरान पत्थर लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। ट्रैक्टर पर करीब 100 घनफीट स्टोन बोल्डर लदा हुआ था। जांच में चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान और जरूरी दस्तावेज नहीं मिले।
जानकारी के अनुसार, जिला खनन कार्यालय की टीम सड़क पर खनिज परिवहन की जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या JH06J-5391 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में स्टोन बोल्डर लदा मिला। जब टीम ने चालक से खनिज परिवहन का वैध चालान, कांटा पर्ची और अन्य जरूरी कागजात मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में खनिजों का परिवहन किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इस संबंध में संबंधित थाने को सूचना दी गई है। साथ ही जब्त वाहन को अगले आदेश तक सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है। मामले में खनन नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वाहन मालिक समेत अन्य लोगों पर भी होगी कार्रवाई
जिला खनन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और बिना अनुमति भंडारण के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जांच में यदि अवैध गतिविधियों में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो वाहन मालिक और संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खनिज परिवहन में लगे वाहन चालकों और मालिकों को वैध परिवहन चालान, कांटा पर्ची और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखने का निर्देश दिया है। बिना वैध दस्तावेज के खनिजों का परिवहन करते पकड़े जाने पर वाहन जब्ती समेत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
