Saturday, October 31

इंटर डिपार्टमेंटल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल में महिला वर्ग में 7-6, पुरुष वर्ग में 43-26 और इंटरमीडिएट बालक वर्ग में 16-14 से हुआ मुकाबला…खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया

रांची: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में शनिवार को इंटर डिपार्टमेंटल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मुकाबले खेले गए। कॉलेज कोर्ट पर आयोजित प्रतियोगिता के महिला, पुरुष और इंटरमीडिएट बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने खिताब के लिए जोरदार मुकाबला किया। महिला वर्ग में एडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग विभाग, पुरुष वर्ग में कंप्यूटर साइंस विभाग और इंटरमीडिएट बालक वर्ग में आर्ट्स द्वितीय वर्ष की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

महिला वर्ग के फाइनल में एडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग विभाग ने जूलॉजी विभाग को 7-6 से हराया। पुरुष वर्ग में कंप्यूटर साइंस विभाग ने भूगोल विभाग को 43-26 के अंतर से शिकस्त दी। वहीं, इंटरमीडिएट बालक वर्ग का मुकाबला बेहद करीबी रहा, जिसमें आर्ट्स द्वितीय वर्ष की टीम ने प्रथम वर्ष की टीम को 16-14 से हराकर जीत हासिल की।

संजय, अर्पणा और मंजीत बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीनों वर्गों में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। पुरुष वर्ग में भूगोल विभाग के संजय हेमब्रोम, महिला वर्ग में जूलॉजी विभाग की अर्पणा राखी खलखो और इंटरमीडिएट बालक वर्ग में आर्ट्स प्रथम वर्ष के मंजीत कुजूर को यह सम्मान मिला।

वहीं, फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में कंप्यूटर साइंस विभाग के अर्पित आईंद, महिला वर्ग में एडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग विभाग की बानी छेत्री और इंटरमीडिएट बालक वर्ग में आर्ट्स द्वितीय वर्ष के प्रिंस बाखला को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जेपीएससी अधिकारी रजत माणिक बाखला उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागी विभागों की खेल भावना की सराहना की। टूर्नामेंट का संचालन स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राम मुर्मू के मार्गदर्शन में सुचारू और निष्पक्ष तरीके से किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, फादर अजय अनिल तिर्की, डॉ. राजीव रंजन श्रीवास्तव, डॉ. धीरजमणि पाठक, डॉ. संजय सिन्हा, डॉ. शिव कुमार, डॉ. ज्योति टेटे, डॉ. सुशील पाण्डेय, प्रो. कमलदीप, प्रो. शकील अनवर और डॉ. श्रेया पाण्डेय सहित कॉलेज के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Share.
Next Story
AI के पर्दे पर साकार हुई इतिहास, समाज और संस्कृति की कहानियां; DSPMU में छात्रों की AI फिल्मों की स्क्रीनिंग
Exit mobile version