आजसू केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर संजय मेहता ने उठाए छात्र आंदोलन, मजदूरों के पलायन और विदेशों में फंसे प्रवासियों के मुद्दे; सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप
संजय मेहता ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार ने छात्रों से तीन महीने का समय मांगा था, लेकिन समय बीतने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। JPSC अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति, परीक्षा कैलेंडर और आगामी परीक्षाओं को लेकर अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने मांग की कि सरकार अगले 15 दिनों के भीतर परीक्षा कैलेंडर जारी करे। साथ ही राज्य में खाली पड़े सरकारी पदों की जानकारी देने के लिए श्वेत पत्र जारी किया जाए। ऐसा नहीं होने पर आजसू छात्र आंदोलन में शामिल होकर इसे और तेज करेगी।
मजदूरों की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार औद्योगिक दुर्घटनाएं हो रही हैं और इनमें मजदूरों की जान जा रही है। इसके बावजूद कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच नहीं कराई जा रही है। उन्होंने मांग की कि सभी कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट कराया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने विदेशों में फंसे झारखंड के प्रवासी मजदूरों का मामला भी उठाया। संजय मेहता ने कहा कि सऊदी अरब और दुबई में कई झारखंडी मजदूरों की मौत हुई है, जबकि कई मजदूर अब भी वहां फंसे हुए हैं। उन्होंने विदेशों में रोजगार दिलाने वाली कंपनियों की जांच और सत्यापन कराने की मांग की, ताकि मजदूरों के साथ धोखाधड़ी और शोषण को रोका जा सके।
इसके अलावा आजसू ने राज्य में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं, कानून-व्यवस्था और पत्रकारों पर कथित कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। संजय मेहता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर किसी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आजसू ने सरकार को 15 दिनों का समय देते हुए कहा कि अगर इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी आंदोलन शुरू करेगी।
