Tuesday, September 15

रांची में मंगलवार को आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर गोमिया विधानसभा क्षेत्र सहित झारखंड से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में आजसू के वरिष्ठ नेता लंबोदर महतो, विधायक योगेंद्र प्रसाद उर्फ तिवारी महतो समेत अन्य नेता शामिल रहे। नेताओं ने विभिन्न मामलों में प्रशासनिक हस्तक्षेप और जांच की मांग की।

खदानों में आग और मिथेन गैस रिसाव का मुद्दा

प्रतिनिधिमंडल ने गोमिया के कथारा और आसपास के क्षेत्रों में सीसीएल की खदानों और झरनों में आग लगने का मुद्दा उठाया। नेताओं का कहना है कि इससे कोयला और सरकारी संपत्ति को नुकसान होने की आशंका है। वहीं पलानी गांव में पिछले करीब 15 दिनों से कथित मिथेन गैस रिसाव के कारण आग लगने की बात भी राज्यपाल के सामने रखी गई। आजसू नेताओं ने आरोप लगाया कि सीसीएल, ओएनजीसी, जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

विश्वविद्यालयों में कथित अनियमितता की जांच की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय में आउटसोर्सिंग टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितता का मामला भी उठाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। विधायक योगेंद्र प्रसाद ने राधा गोविंद विश्वविद्यालय में कथित डिग्री घोटाले का आरोप लगाते हुए बीएड समेत अन्य पाठ्यक्रमों की डिग्री की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

पुल बहने और निर्माण की गुणवत्ता का मामला

आजसू नेताओं ने गोमिया के ढंडे क्षेत्र में पुल बहने की घटना की जांच की मांग भी की। उन्होंने दोषी अधिकारियों और संवेदकों पर कार्रवाई तथा नए पुल के निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा बोकारो नदी पर बने निम्नस्तरीय पुल से जुड़ी समस्याओं को भी राज्यपाल के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से सभी मामलों में हस्तक्षेप कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़े – झारखंड में 16 से 20 सितंबर तक बारिश के आसार, कई इलाकों में गरज-वज्रपात की चेतावनी

 

Share.
Next Story
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में वित्तीय गड़बड़ियों पर घमासान, वित्त मंत्री ने राज्यपाल से की कुलपति को हटाने की मांग
Exit mobile version