बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए शुरू किया था सफर, छह महीने में अफ्रीका के कई देशों की यात्रा पूरी कर बने युवाओं के लिए प्रेरणा
पुरुलिया: हौसले बुलंद हों तो रास्ते की मुश्किलें भी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकतीं। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बुड़दा गांव निवासी अक्षय भगत ने। साइकिल को अपना साथी बनाकर उन्होंने न सिर्फ देश की सीमाएं पार कीं, बल्कि अफ्रीका के दुर्गम रेगिस्तान और पहाड़ी रास्तों को भी अपनी यात्रा का हिस्सा बनाया। छह महीने के लंबे सफर के बाद अक्षय अपने गांव लौट आए हैं।
अक्षय भगत को इलाके में ‘साइकिल मैन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपनी साइकिल यात्रा की शुरुआत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से की थी। धीरे-धीरे उनका यह अभियान अंतरराष्ट्रीय सफर में बदल गया और उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों तक अपनी पहचान बनाई।
अफ्रीका के कई देशों की साइकिल से यात्रा
हाल ही में छह महीने के अफ्रीका दौरे के दौरान अक्षय ने युगांडा, तंजानिया, जिम्बाब्वे, रवांडा और इथियोपिया समेत कई देशों की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने कालाहारी रेगिस्तान और मून माउंटेन जैसे चुनौतीपूर्ण इलाकों को भी साइकिल से पार किया। कठिन रास्तों और अनजान परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपना सफर जारी रखा।
अब तक 25 देशों की यात्रा पूरी
अफ्रीका से पहले अक्षय चीन, रूस, श्रीलंका, थाईलैंड, मंगोलिया, बांग्लादेश और अफगानिस्तान समेत कई देशों की साइकिल यात्रा कर चुके हैं। अब तक वह कुल 25 देशों का सफर साइकिल से पूरा कर चुके हैं।
उनकी यात्राओं का उद्देश्य सिर्फ नए देशों को देखना नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को करीब से समझना भी है। विदेशों में उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
गांव लौटने पर हुआ स्वागत
छह महीने के लंबे अंतरराष्ट्रीय सफर के बाद अक्षय के सकुशल गांव लौटने पर परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बुड़दा गांव के इस युवक की उपलब्धि आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
एक छोटे से गांव से निकलकर 25 देशों तक साइकिल से पहुंचने वाले अक्षय भगत की कहानी युवाओं को यह संदेश देती है कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती
