गुमला: गुमला में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने चार-पांच युवकों पर बच्ची को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बच्ची की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाना पड़ा और आखिरकार शुक्रवार को रिम्स रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह घटना के बारे में कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।
शाम को घर से निकली, दो घंटे बाद खराब हालत में मिली
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिवार का आरोप है कि कुछ युवक उसे अपने साथ ले गए थे। करीब दो घंटे बाद, रात सात बजे कुछ युवक उसे घर के पास छोड़कर चले गए।
परिजनों ने बताया कि उस समय बच्ची की हालत बेहद खराब थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले। इसके बाद परिवार ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
कोलेबिरा से सिमडेगा और फिर RIMS रेफर
सबसे पहले नाबालिग को कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सिमडेगा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से भी उसे रिम्स रेफर किया गया।
शुक्रवार को बच्ची को रिम्स भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गंभीर स्थिति के कारण फिलहाल वह घटना के संबंध में अपना बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस के सामने अभी मारपीट की सूचना
मामले में पुलिस का कहना है कि उसे फिलहाल नाबालिग के साथ मारपीट की घटना की सूचना मिली है। सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत अभी पुलिस के समक्ष नहीं पहुंची है। पुलिस गांव जाकर मामले की जानकारी जुटाने की तैयारी में है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग का बयान और जांच के बाद ही पूरी घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने मामला दर्ज कर जांच किए जाने की बात कही है।
परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
नाबालिग के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की देवकी देवी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस जांच आगे बढ़ने और नाबालिग के बयान के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना के पीछे क्या हुआ था और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पूरी तस्वीर क्या है।
इसे भी पढ़े – आदित्यपुर में पुलिस की दबिश के बाद युवक पर फायरिंग, मुखबिरी के शक में सिर को छूकर निकली गोली
