झारखंड सरकार द्वारा 28 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाने के निर्णय के विरोध में आदिवासी संगठनों ने अपना प्रस्तावित झारखंड बंद वापस ले लिया है। ऑक्सीजन पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राहुल तिकों, संगीता कच्छप, विवेक उरांव और आकाश तिकी ने घोषणा की कि कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद बंद का फैसला बदला गया है। अब आदिवासी समुदाय के लोग अपने-अपने क्षेत्रों में काली पट्टी बांधकर और पुतला दहन कर शांतिपूर्ण विरोध जताएंगे।
आदिवासी संगठनों की मुख्य मांगें
नेताओं ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों के संगठनों से भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। उनका स्पष्ट कहना है कि 15 नवंबर के बजाय 28 नवंबर को स्थापना दिवस मनाना भगवान बिरसा मुंडा, झारखंड की ऐतिहासिक पहचान और वीर शहीदों के बलिदान का सीधा अपमान है। संगठनों ने 15 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व का सम्मान करने और राज्य की अस्मिता से खिलवाड़ न करने की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन में आदिवासी बचाओ युवा मोर्चा, आदिवासी छात्र संघ, आदिवासी मूलवासी मंच और राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा जैसे कई प्रमुख संगठन शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और 2000 पुलिसकर्मी तैनात
आदिवासी संगठनों द्वारा घोषित ‘काला दिवस’ और खेलगांव में आयोजित मुख्य स्थापना दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में शनिवार को लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों और 15 डीएसपी की तैनाती की गई है। सभी संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और समारोह स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसकी निगरानी एसएसपी सकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा द्वारा की जा रही है।
