Friday, November 27

हंटरगंज प्रखंड के अलग-अलग गांवों में सुबह पहुंची ईडी की टीम, कांग्रेस और लोजपा से जुड़े नेताओं के आवासों पर भी चल रही जांच

चतरा: बिहार से जुड़े कथित अवैध बालू कारोबार और सिंडिकेट मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह झारखंड के चतरा जिले में छापेमारी की। ईडी की अलग-अलग टीमों ने हंटरगंज प्रखंड के तीन गांवों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीन ठेकेदारों के आवासों की तलाशी ली जा रही है। इनमें कांग्रेस और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से जुड़े नेताओं के नाम भी सामने आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम कांग्रेस नेता अरुण सिंह, लोजपा नेता प्रेम सिंह और शक्ति सिंह के आवास पर जांच कर रही है। तीनों हंटरगंज प्रखंड के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला बिहार में बालू के कथित अवैध कारोबार से जुड़ा है और इसकी जांच करीब तीन से चार साल पुराने मामले के आधार पर की जा रही है।

शुक्रवार सुबह अधिकारियों की टीम के अचानक पहुंचने से इलाके में हलचल बढ़ गई। एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई की खबर फैलते ही स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गईं। ईडी की टीम संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल कर रही है।

हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छापेमारी के दौरान किन दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन या संपत्तियों की जांच की जा रही है। ईडी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़े तथ्यों और संभावित खुलासों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Next Story
विशाखापट्टनम में बगोदर के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, पूरे गांव में शोक की लहर
Exit mobile version