बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेको पश्चिमी पंचायत के हरिजन टोला निवासी सुकर घांसी के 22 वर्षीय पुत्र कैलाश कुमार घांसी की विशाखापट्टनम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कैलाश कुमार रोजी-रोटी की तलाश में पिछले तीन वर्षों से विशाखापट्टनम में रहकर मजदूरी कर रहे थे। वह बीते सोमवार से अचानक लापता थे, जिसके बाद परिजन और परिचित उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को उनका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा रूपचंद घांसी ने बताया कि कैलाश परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे, उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने संबंधित कंपनी और ठेकेदार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। परिजन अब शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
