Tuesday, October 13

बोकारो। बोकारो जिले में बाजारों में एक्सपायर्ड (अवधि पार कर चुकी) बीयर की अवैध बिक्री का मामला सामने आने के बाद उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। कार्रवाई की जद में आए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है, जिससे उनकी नौकरी पर भी खतरा मंडराने लगा है।

डिपो प्रबंधक और लेखापाल का हुआ तबादला

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर डिपो प्रबंधक अरविंद कुमार और लेखापाल का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। दोनों से इस पूरे प्रकरण को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

सहायक उत्पाद आयुक्त और अवर निरीक्षकों पर भी कार्रवाई के निर्देश

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बोकारो के सहायक उत्पाद आयुक्त के साथ-साथ अवर निरीक्षक सन्नी तिर्की और अमित गुप्ता के खिलाफ भी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, विभाग की निगरानी में लापरवाही के चलते ही एक्सपायर्ड बीयर बाजार तक पहुंच पाई।

दुकानदार और कंपनी से भी मांगा गया जवाब

इस पूरे मामले में एक्सपायरी बीयर बेचने वाले दुकानदार से भी जवाब तलब किया गया है। साथ ही, बीयर बनाने वाली संबंधित कंपनी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है और उसका भुगतान (पेमेंट) रोक दिया गया है।

मिलीभगत से वापस पहुंची दुकानों तक बीयर

जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि सरकारी नियमों के मुताबिक जिस बीयर को एक्सपायर होने के बाद नष्ट किया जाना था, उसे मिलीभगत के तहत दोबारा दुकानों के फ्रिज तक पहुंचा दिया गया। इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यह पूरा मामला किसी एक व्यक्ति की लापरवाही नहीं, बल्कि एक सुनियोजित सांठगांठ का नतीजा हो सकता है।

फिलहाल विभाग ने सभी संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। इस मामले ने राज्य के उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.
Next Story
झारखंड में SIR फॉर्म वसूली का बड़ा खुलासा: प्रशासन की जनता से अपील
Exit mobile version