नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता लोगों की तलाश के बीच अब Infosys Public Services के CEO लैक्स गोपीसेट्टी भी संपर्क से बाहर हैं। Infosys ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गोपीसेट्टी नेपाल में निजी यात्रा पर गए थे और बाढ़ के बाद से उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है। कंपनी ने कहा है कि उनकी सुरक्षा और कुशलता इस समय उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Infosys ने बताया कि कंपनी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर गोपीसेट्टी के बारे में जानकारी जुटा रही है और उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रही है। कंपनी उनके परिवार के साथ भी लगातार संपर्क में है और इस मुश्किल वक्त में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
नेपाल में 320 भारतीय अब भी लापता
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक कम से कम 320 भारतीय नागरिक अभी लापता हैं, जबकि करीब 400 भारतीय चीन की सीमा की ओर फंसे हुए हैं। भारत ने नेपाल को इस संकट से निपटने के लिए हरसंभव सहायता देने की तत्परता जताई है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक चीन की तरफ फंसे 153 भारतीय नागरिक सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। वहीं, बाढ़ प्रभावित नेपाली इलाकों से काठमांडू पहुंचने के एक दिन बाद 21 भारतीय नागरिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे।
कौन हैं लैक्स गोपीसेट्टी?
Infosys की प्रोफाइल के अनुसार, लैक्स गोपीसेट्टी Infosys Public Services के CEO हैं। यह कंपनी मुख्य रूप से अमेरिका और कनाडा के सार्वजनिक क्षेत्र के लिए सेवाएं उपलब्ध कराती है।
गोपीसेट्टी सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों को रणनीति, टेक्नोलॉजी, ऑपरेशंस और ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े मामलों में सलाह देते हैं। वह कंपनी की रणनीति और उसके क्रियान्वयन की भी देखरेख करते हैं।
इससे पहले वह Infosys में Global Vice President और Business Applications and Digital Workspace Service के प्रमुख रह चुके हैं। इस भूमिका में उन्होंने अमेरिका, यूरोप और एशिया में इस क्षेत्र के विस्तार का नेतृत्व किया था।
Infosys में शामिल होने से पहले गोपीसेट्टी Accenture में Managing Director थे, जहां उन्होंने उत्तरी अमेरिका में Health and Public Services बिजनेस के एक हिस्से का नेतृत्व किया। Infosys के अनुसार उन्होंने BearingPoint, IBM, PwC और HCL में भी हाई-ग्रोथ बिजनेस तैयार किए हैं।
कंपनी ने क्या कहा?
Infosys ने नेपाल में हुई त्रासदी और जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख जताया है। कंपनी का कहना है कि वह संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर गोपीसेट्टी के बारे में जानकारी जुटा रही है और उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास जारी है। परिवार के साथ भी कंपनी लगातार संपर्क में है।
फिलहाल नेपाल में जारी राहत और बचाव अभियान के बीच गोपीसेट्टी समेत सैकड़ों भारतीयों की तलाश जारी है। ऐसे में उनकी स्थिति को लेकर तस्वीर आधिकारिक रूप से तभी साफ होगी, जब संबंधित एजेंसियों को उनके बारे में ठोस जानकारी मिलती है।
इसे भी पढ़े – सावधान रांची! बच्चों को भी चपेट में ले रहा H1N1, नवजात भी संक्रमित


