Monday, September 21

रांची: झारखंड के आदिवासी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने और राज्य से जुड़े विषयों की जानकारी बढ़ाने के उद्देश्य से नवंबर महीने में राजीव गांधी प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसे लेकर पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की के आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने परीक्षा के आयोजन, पात्रता और पुरस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए पहल

बंधु तिर्की ने बताया कि रांची में झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रावासों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इनमें कई विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बीच कई छात्र झारखंड के आदिवासी समाज, यहां के महान स्वतंत्रता सेनानियों, राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और झारखंड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से पूरी तरह परिचित नहीं हो पाते।
इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षाविदों के साथ मिलकर राजीव गांधी प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा में झारखंड से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
परीक्षा में विद्यार्थियों से राज्य के इतिहास, आदिवासी समाज, स्वतंत्रता आंदोलन, भौगोलिक परिस्थितियों और झारखंड से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों पर सवाल पूछे जाएंगे।

इंटर से उच्च शिक्षा तक के छात्र ले सकेंगे हिस्सा

राजीव गांधी प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा में इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के आदिवासी छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को फॉर्म के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा।
परीक्षा का आयोजन रांची विश्वविद्यालय में किया जाएगा। छात्रों की संख्या अधिक होने की स्थिति में परीक्षा के लिए अन्य कॉलेजों को भी केंद्र के तौर पर जोड़ा जाएगा।
परीक्षा में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न शामिल होंगे। इसके अलावा सब्जेक्टिव और लघु उत्तरीय प्रश्न भी पूछे जाएंगे। यानी विद्यार्थियों की सिर्फ सामान्य जानकारी ही नहीं, बल्कि विषय को समझने की क्षमता को भी परखा जाएगा।

20 छात्र-छात्राओं का होगा चयन

परीक्षा के आधार पर कुल 20 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। इनमें 10 छात्र और 10 छात्राओं को शामिल किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी। तो वहीं परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 20 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। बंधु तिर्की ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है और परीक्षा में केवल आदिवासी विद्यार्थी ही शामिल हो सकेंगे।

इसे भी पढ़े :- RKDF University के कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर का जन्मदिन समारोह बना सेवा का अवसर, रक्तदान से गौसेवा तक आयोजन

Share.
Next Story
तिलक यादव अपहरण मामला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
Exit mobile version