Tuesday, November 24

खूंटी के उलिहातू पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों को दिया सादर आमंत्रण, मुंबई में बिरसा मुंडा की प्रतिमा के मूल स्वरूप में बदलाव पर हुई चर्चा।

सोनाहातू (राँची): आगामी 1 दिसंबर 2026 को सोनाहातू में आयोजित होने वाले कोल विद्रोह के अग्रणी नेता, आजादी के महानायक एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो जी की 241वीं जयंती महोत्सव–2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में आयोजन समिति की ओर से खूंटी जिले के उलिहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक गांव पहुंचकर उनके वंशज श्री सुखराम मुंडा जी एवं श्री जंगल सिंह मुंडा जी से मुलाकात की गई तथा उन्हें महोत्सव में सादर आमंत्रित किया गया।

इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के वंशज श्री सुखराम मुंडा जी ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव में शामिल होने की सहमति प्रदान की। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, अपनी मातृभूमि एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना बेहद सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास, वीरता और संघर्ष की गौरवगाथा जानने का अवसर मिलता है।

मुलाकात के दौरान मुंबई में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के मूल स्वरूप में बदलाव किए जाने के विषय को तस्वीरों के माध्यम से उनके संज्ञान में लाया गया। इस पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। हमारी स्पष्ट मांग है कि भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को पुनः उनके वास्तविक मूल स्वरूप में स्थापित किया जाए। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में झारखंडवासियों एवं भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों के साथ महाराष्ट्र पहुंचकर सामूहिक रूप से इस विषय पर पहल करने का निर्णय लिया गया।

वहीं, सोनाहातू स्थित वीर बुली महतो चौक पर उनकी प्रतिमा के जीर्णोद्धार एवं साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजन स्थल की साज-सज्जा, आवश्यक तैयारियां तथा गांव-गांव में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र के युवाओं एवं ग्रामीणों में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस अवसर पर समाजसेवी सह बुंडू कॉलेज के प्रोफेसर लखीन्द्र मुंडा, झारखंडी चाचा एवं साहित्यकार अनंत महतो, जयराम महतो, गणेश, संतोष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन का उद्देश्य झारखंड के वीर सपूतों के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के इतिहास से जोड़ना है।

Share.
Next Story
23 हजार कलाकारों को पछाड़कर बने थे महाभारत के ‘अर्जुन’,
Exit mobile version