तमाड़ के गांवों में पहुंचे के. रवि कुमार, अधिकारियों को दिया छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने का निर्देश
रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को रांची के तमाड़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहरी और सुदूर ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर घर-घर मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी ली कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज है या नहीं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की स्थिति भी जानी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे सभी पात्र लोगों की पहचान कर उनका नाम जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। नए मतदाताओं के पंजीकरण में भी तेजी लाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
