धारदार हथियार से हमला करने के बाद रस्सी से घोंटा था गला, पुलिस ने धुर्वा और हिंदपीढ़ी के रहने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रांची। राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले देर रात हुई मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी धुर्वा और हिंदपीढ़ी इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसंधान में सामने आया है कि वारदात के समय दोनों आरोपियों ने काफी शराब पी रखी थी। शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर बिट्टू सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद धुर्वा थाने की पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे की मुख्य वजह का पूरी तरह पता लगाया जा सके।
