12 से 18 नवंबर तक शिलांग में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, इससे पहले मिनी नेशनल और स्कूल नेशनल में भी कोच के रूप में कर चुकी हैं काम
गुमला। झारखंड के गुमला जिले की अंकिता तिवारी को आगामी सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए कोच नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता 12 से 18 नवंबर 2026 तक मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कोच की जिम्मेदारी मिलने से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
अपनी नियुक्ति पर अंकिता तिवारी ने झारखंड तीरंदाजी संघ और रांची जिला तीरंदाजी संघ के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी देने के लिए दोनों संघों का धन्यवाद करती हैं। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगी।
अंकिता तिवारी इससे पहले भी मिनी नेशनल और स्कूल नेशनल प्रतियोगिताओं में कोच की भूमिका निभा चुकी हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड के तीरंदाजों ने कई पदक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।
सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में कोच नियुक्त होने पर गुमला के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। जिले के लोगों ने अंकिता तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
