पटना। बिहार में जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेना और उनकी समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतना अधिकारियों को भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक साथ 15 अधिकारियों और कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में चल रहे सहयोग शिविर के दौरान की गई। मुख्यमंत्री खुद शिविर में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान अलग-अलग जिलों से आए लोगों की शिकायतों की समीक्षा में संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आई।
बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों के खिलाफ लोगों की शिकायतों को नजरअंदाज करने और समय पर समाधान नहीं करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
चार विभागों के अधिकारी-कर्मी सूची में शामिल
जारी सूची के अनुसार, निलंबित किए गए 15 अधिकारियों और कर्मियों में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक अधिकारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े हैं। मुंगेर और सुपौल जिले से दो-दो अधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
निलंबित अधिकारियों और कर्मियों की पूरी सूची
- मुंगेर: जय प्रकाश, अंचल अधिकारी, हवेली खड़गपुर (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- मुंगेर: अर्चना कुमारी, अंचल अधिकारी, टेटिया बंबर (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- भोजपुर: रवि रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, आरा सदर (ग्रामीण विकास विभाग)।
- कटिहार: संजीव कुमार, अंचल अधिकारी, कोढ़ा (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- भागलपुर: संतोष कुमार सुमन, अंचल अधिकारी, नवगछिया (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- अररिया: पंकज कुमार, अंचल अधिकारी, फारबिसगंज (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- गया: रमेश कुमार, अंचल अधिकारी, बोधगया (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- जहानाबाद: रंजीत कुमार उपाध्याय, अंचल अधिकारी, मखदुमपुर (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- सुपौल: प्रियंका सिंह, अंचल अधिकारी, त्रिवेणीगंज (राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग)।
- सुपौल: वीणा वैशाली, कार्यपालक पदाधिकारी, निर्मली एवं सिमराही (नगर विकास एवं आवास विभाग)।
- शेखपुरा: रोहित कुमार दुबे, सहायक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, शेखपुरा।
- मुजफ्फरपुर: भोला नाथ, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, कुढ़नी।
- पश्चिम चंपारण: श्याम बाबू राय, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, मझौलिया।
- सीतामढ़ी: पवन कुमार, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, सुरसंड।
- गोपालगंज: शुभम कुमार, राजस्व कर्मचारी। इनका तत्कालीन पदस्थापन उचकागांव अंचल, गोपालगंज में था। वर्तमान में इनकी पदस्थापना बाजपट्टी अंचल, सीतामढ़ी में है।
मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को सहयोग शिविर में आने वाली जन शिकायतों के प्रति प्रशासन की जवाबदेही तय करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है। इसके जरिए अधिकारियों और कर्मियों को लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और उनके समाधान में लापरवाही नहीं बरतने का संदेश दिया गया है।
