एक तरफ जहां इंडिया गठबंधन 1 नवंबर से दिल्ली के रामलीला मैदान में “ लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ ” के नारो के साथ अभियान कर रहा है जिसमें तमाम विपक्षी दलों के नेता नज़र आ रहे हैं। आंदोलन में चुनाव आयोग में हो रहे कथित अनियमताओं में पारदर्शिता, एसआईआर की चुनावी प्रक्रिया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। तो वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर सोमवार को देशव्यापी कार्यक्रम के तहत रांची में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ ‘ पदयात्रा का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आज रांची में पदयात्रा की शुरुआत की गई। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
पदयात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 65 वर्षों तक शासन किया है बावजूद इसके देश से गरीबी नहीं हटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के शासनकाल में देश की बड़ी आबादी गरीबी रेखा से ऊपर उठी है। तो वहीं झारखण्ड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की पार्टी है और उनके सहयोगी दल भी परिवारवादी पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास को ऐसे दल बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
बीजेपी का दावा है की कांग्रेस आम लोगो को बरगला के देश के संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगा रही है और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है। इसीलिए हर दिन कुछ नया हथकंडा अपना रही है।
