Tuesday, September 22

बिहार के गयाजी से यात्रियों को लेकर कोलकाता जा रही महारानी बस धनबाद में हादसे का शिकार हो गई। घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर के पास नेशनल हाईवे-19 पर देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने तार के डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बस में थे 20 से अधिक यात्री

बस में 20 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से आठ घायल हुए हैं। बस सड़क के बीचों-बीच पलटी नजर आई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे।

घायल यात्री ने बताई वजह

घायल यात्री बलराम के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसा होते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

एसएनएमएमसीएच में भर्ती, छह रेफर

सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक इनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।

चालक भी गंभीर रूप से घायल

बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में बस का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है।

जांच जारी, कारण अभी स्पष्ट नहीं

थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन हादसे की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। पुलिस ने बस को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह से कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

सुरक्षित यात्री रवाना

हादसे में सुरक्षित बचे यात्रियों को पुलिस की मौजूदगी में दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

इसे भी पढ़े – गैस बिल के बहाने भेजते थे APK फाइल, जानिए जामताड़ा पुलिस ने कैसे पकड़ा चार साइबर ठगों को

Share.
Next Story
चूहा समझकर टाल दी बदबू, जनशताब्दी का इंजन खुला तो मिला महिला का सिर
Exit mobile version