Tuesday, September 22

रांची/बोकारो: पटना से रांची आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से आ रही तेज बदबू ने शनिवार को बोकारो स्टेशन पर रेलकर्मियों को चौंका दिया। पहले इसे किसी छोटे जानवर के इंजन में फंसने की आशंका माना गया, लेकिन जब इंजन की जांच हुई तो मामला कुछ और ही निकला। कैटल गार्ड के पास बने एक हिस्से से करीब 50 साल की महिला का सिर बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची। बरामदगी के बाद GRP ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

गोमो से ही महसूस होने लगी थी बदबू

बताया गया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस के गोमो पहुंचने पर ट्रेन का चालक बदला गया था। इसी दौरान इंजन के अगले हिस्से से बदबू आने की जानकारी सामने आई।

शुरुआत में रेलकर्मियों को लगा कि इंजन के किसी हिस्से में चूहा या कोई छोटा जानवर फंसकर मर गया होगा। लेकिन ट्रेन जब चंद्रपुरा पहुंची तो बदबू काफी तेज हो चुकी थी। इसके बाद इंजन के आगे के हिस्से की गंभीरता से जांच कराने की जरूरत महसूस हुई।

महिला कौन थी? इंजन तक सिर पहुंचा कैसे?

मामले में अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला का सिर ट्रेन के इंजन के इस हिस्से तक कैसे पहुंचा।

RPF ओसी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम ने इंजन की जांच की थी। कैटल गार्ड के पास से महिला का सिर बरामद हुआ है। महिला कौन है और सिर वहां तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

करीब एक घंटे बाद रांची के लिए रवाना हुई ट्रेन

घटना के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस को बोकारो स्टेशन पर करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा। जरूरी कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को दोपहर 12:33 बजे रांची के लिए रवाना किया गया।

स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक के मुताबिक, मामले में आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। फिलहाल GRP महिला की पहचान और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है।

इसे भी पढ़े – गयाजी से कोलकाता जा रही यात्रियों से भरी बस धनबाद में हुई हादसे का शिकार, आठ घायल, छह गंभीर

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: रांची सदर अस्पताल में करीब 5 करोड़ का हेल्थ अपग्रेड, AI Dental Lab से लेकर Eye केयर होंगे हाईटेक
Exit mobile version