Tuesday, September 22

चतरा: चतरा अंचल कार्यालय में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को अब विभाग ने निलंबित कर दिया है। एसीबी की कार्रवाई के छह दिन बाद 21 सितंबर 2026 को उन्हें निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया गया है।

मामला चतरा अंचल के हल्का-VII से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को एसीबी हजारीबाग की ट्रैप टीम ने राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को शिकायतकर्ता तुलसी यादव से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद इस मामले में एसीबी हजारीबाग थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज किया गया। सतीश प्रसाद के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(a) के तहत कार्रवाई की गई है।

एसीबी की गिरफ्तारी के बाद अब सक्षम प्राधिकारी ने झारखंड सरकारी सेवक नियमावली के तहत सतीश प्रसाद को 15 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

आदेश के अनुसार, कारावास से रिहा होने के बाद सतीश प्रसाद को जिला स्थापना शाखा, चतरा में योगदान देना होगा। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी नियमानुसार जारी रहेगी।

जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Next Story
अवैध खनन पर बोकारो जिला प्रशासन का प्रहार… 7 स्थानों पर लगेंगे पुलिस बैरियर, 24 घंटे होगी निगरानी
Exit mobile version