धनबाद। बरवाअड्डा कृषि बाजार समिति की फल मंडी में सोमवार को हुए सड़क हादसे में 46 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान दौलत तांती के रूप में हुई है। वह फल मंडी में मोटिया का काम करते थे। बताया जा रहा है कि काम के दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, SNMMCH में मौत
हादसे के बाद बाजार समिति में मौजूद लोगों ने घायल दौलत तांती को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें SNMMCH रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दौलत तांती की मौत की खबर बाजार समिति में पहुंचते ही वहां काम करने वाले मोटिया मजदूरों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में मजदूर फल मंडी के पास सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर दिया।
मुआवजे की मांग पर अड़े मजदूर
मजदूरों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उनका कहना था कि दौलत तांती की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
बताया जा रहा है कि दौलत तांती मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के छिदलाही, गिद्धौर के रहने वाले थे।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल मजदूर मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।
