Tuesday, September 22

धनबाद। जिला परिषद के निरीक्षण भवन के दिन अब बदलने वाले हैं। पंचायतीराज विभाग की निधि से भवन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास कर इसकी शुरुआत की। भवन के कायाकल्प पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

खस्ताहाल संपत्तियों को दुरुस्त करने की तैयारी

जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने बताया कि जिला परिषद की कई संपत्तियां फिलहाल खस्ताहाल स्थिति में हैं। इन संपत्तियों का जीर्णोद्धार कर उनका बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के साथ जिला परिषद की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले बोर्ड की बैठक में निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया गया था। अब इस प्रस्ताव को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

आयोजन के लिए मिलेगा नया विकल्प

जीर्णोद्धार के बाद निरीक्षण भवन को विभिन्न आयोजनों के लिए बुक कराया जा सकेगा। इससे धनबाद के लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

शारदा सिंह ने कहा कि धनबाद में फिलहाल एक टाउन हॉल है, लेकिन बड़े आयोजनों के लिए उसकी क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण लोगों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ते हैं। निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार के बाद यहां विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

पूजा टॉकीज के पास बनेगा मिनी टाउन हॉल

जिला परिषद की ओर से आयोजन स्थलों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और योजना पर काम किया जा रहा है। पूजा टॉकीज के पास जिला परिषद की जमीन पर मिनी टाउन हॉल बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए डीपीआर तैयार करने से लेकर टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।

जिला परिषद का कहना है कि संपत्तियों को उपयोगी बनाकर एक ओर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और दूसरी ओर परिषद की आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
तेज रफ्तार पिकअप ने मजदूर को कुचला, इलाज के दौरान मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
Exit mobile version