रांची: पिठौरिया में निशा भगत की आत्महत्या के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष टीम मामले के नामजद आरोपी अजय तिर्की के आवास पर पहुंची। यहां अधिकारियों ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद किया गया है। गौरतलब है कि निशा भगत ने आत्महत्या से पहले अपने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी बात रखी थी। इसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए थे।
मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच की मांग के बाद इसकी जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी गई थी। जांच अपने हाथ में लेने के बाद से एजेंसी घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। सीबीआई की टीम पहले घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है। अब नामजद आरोपी अजय तिर्की के आवास पर पहुंचकर की गई जांच को मामले में एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है।
हालांकि, सीबीआई की ओर से इस कार्रवाई के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
