Saturday, November 21

-पिठोरिया के पूर्व थाना प्रभारी सतीश पांडे का बयान दर्ज, आरोपियों के डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी

रांची। आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई अब पुलिस की शुरुआती जांच से लेकर आरोपियों की डिजिटल गतिविधियों तक की कड़ियां खंगालने में जुट गयी है। दिल्ली से आयी सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम ने रांची में कई दिनों तक कैंप कर जांच के अहम पहलुओं पर पड़ताल की। इस दौरान पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से घंटों पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया गया। टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कर परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी जुटाये। प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद टीम के दिल्ली लौटने की जानकारी है।

जांच के दौरान सीबीआई ने इस मामले के मुख्य नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिकीं से भी घंटों पूछताछ की थी। इसके अलावा दोनों के ठिकानों पर छापेमारी कर मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किये गये थे। इन उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसी कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य डिजिटल जानकारियों की पड़ताल कर रही है, ताकि मामले से जुड़े घटनाक्रम और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

पुलिस की शुरुआती जांच भी सीबीआई के रडार पर

सीबीआई की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया। इसके जरिये घटना से जुड़े तकनीकी और परिस्थितिजन्य पहलुओं को समझने का प्रयास किया गया। तत्कालीन थाना प्रभारी से पूछताछ के दौरान घटना के समय पुलिस की कार्रवाई और शुरुआती जांच में सामने आये तथ्यों को लेकर भी जानकारी जुटायी गयी।

गौरतलब है कि निशा भगत की मौत के बाद उनके परिजन और विभिन्न आदिवासी संगठन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आये तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। फिलहाल सीबीआई की ओर से मामले में किसी अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी।

मरने से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थानेदार से क्या कहा थाः 

मरने से पहले निशा भगत ने सोशल मीडिया के जरिये अपनी बात रखी थी. उसने पिठोरिया थानेदार सतीश पांडे को फोन कर कही थी कि उनके घर में हुई चोरी का खुलासा क्यों नहीं हुआ और उन्हें बदनाम करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी जान देने की बात कही थी।

 

 

Share.
Next Story
WhatsApp से कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार, Vi Business ने लॉन्च किए नए सॉल्यूशंस….
Exit mobile version