रांची: जमीन अपने बीवी नाम कर दो, नौकरी का पैसा और पूरी संपत्ति भी हमारे नाम कर दो, नहीं तो जान से मारकर फेंक देंगे। तुम्हारी हत्या के बाद तुम्हारी सरकारी नौकरी अपनी बेटी को दिलवा देंगे। यह आरोप किसी फिल्मी कहानी का हिस्सा नहीं, बल्कि रांची के खलारी में रहने वाले सीसीएल कर्मचारी तपेश्वर कुमार यादव ने अपने ससुराल वालों पर लगाया है। तपेश्वर का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनके ससुराल पक्ष के लोग उन पर जमीन और संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रहे हैं। जब उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन देने से इनकार किया, तो उन्हें लगातार धमकियां दी जाने लगीं। आरोप है कि इसी विवाद में उनकी पत्नी को भी उनके क्वार्टर से मायके ले जाया गया और बाद में उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी गई।
मामला खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर स्थित सीसीएल क्वार्टर नंबर MQ-109 का है। तपेश्वर कुमार यादव सीसीएल की चुरी परियोजना में कार्यरत हैं। उनकी शादी 21 मई 2021 को पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के गरिहारा निवासी रिंकी कुमारी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे भी हैं। तपेश्वर के अनुसार, शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था। उन्होंने वर्ष 2023 में अपनी पत्नी के नाम पर दो अलग-अलग रजिस्ट्री के माध्यम से कुल पांच डिसमिल जमीन खरीदी, जिस पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए। इसके बाद 22 फरवरी 2025 को उन्होंने अपने नाम से भी तीन डिसमिल जमीन खरीदी। आरोप है कि इसी जमीन को लेकर ससुराल पक्ष का दबाव बढ़ने लगा।
पत्नी को क्वार्टर से ले गए मायके, पति से संपर्क भी कराया बंद
तपेश्वर का आरोप है कि 6 फरवरी 2025 को जब वह ड्यूटी पर गए हुए थे, तभी उनके ससुर शिवकुमार प्रसाद यादव उनकी पत्नी रिंकी को उनके क्वार्टर से अपने साथ पलामू स्थित गरिहारा ले गए। इसके बाद पत्नी का मोबाइल नंबर ब्लॉक करा दिया गया और उन्हें पति से बातचीत करने से भी मना कर दिया गया। तपेश्वर का कहना है कि उन्होंने पत्नी को वापस लाने के लिए कई बार पंचायत और सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष तैयार नहीं हुआ।
तपेश्वर के मुताबिक, ससुराल वाले उनसे अपनी जमीन पत्नी या दूसरे परिजनों के नाम करने और वेतन का आधा हिस्सा देने की मांग करते थे। इनकार करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने इस संबंध में मई 2025 में सिमरिया न्यायालय में सनहा वाद संख्या 06/2025 भी दर्ज कराया था। इसके अलावा महिला थाना डाल्टनगंज और खलारी थाना में भी आवेदन दी गई।
पहले भी क्वार्टर पहुंचकर धमकाने का आरोप
तपेश्वर ने अपनी शिकायतों में आरोप लगाया है कि 28 दिसंबर 2025, 11 जनवरी 2026, 1 फरवरी 2026 और 8 फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष के लोग उनके खलारी स्थित क्वार्टर पर पहुंचे और जमीन की रजिस्ट्री को लेकर धमकाया। उनका कहना है कि इस विवाद को लेकर उन्होंने न्यायालय में शिकायत वाद संख्या 21446/2026 भी दायर किया है। वहीं पत्नी को वापस बुलाने के लिए हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 के तहत पारिवारिक न्यायालय में वाद संख्या 1011/2025 दायर किया गया है।
जेल में रहने के दौरान क्वार्टर से जेवर, जमीन के दस्तावेज और सामान ले जाने का आरोप
तपेश्वर ने एक अन्य शिकायत में आरोप लगाया है कि एक पॉक्सो मामले में उन्हें 24 मार्च 2026 को जेल भेजा गया था। 18 जून 2026 को जेल से बाहर आने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनके क्वार्टर से सोने-चांदी के जेवर, जमीन के मूल दस्तावेज, चेकबुक, पासबुक, सीसीएल की नौकरी से जुड़े कागजात, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, नकदी, बर्तन, फर्नीचर और तीन ट्रॉली बैग समेत कई सामान गायब हैं। उनका आरोप है कि जेल में रहने के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके भाई को डराकर क्वार्टर की चाबी ली और सामान अपने साथ पलामू ले गए। इस संबंध में भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी।
12 अक्टूबर को क्वार्टर में घुसकर पिस्तौल सटाई, गला दबाकर पीटा
मामले ने 12 अक्टूबर 2026 को गंभीर रूप ले लिया। तपेश्वर के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे वह अपने क्वार्टर में अकेले थे। इसी दौरान उनके ससुर शिवकुमार प्रसाद यादव, साले अक्षय प्रसाद यादव और अजित प्रसाद यादव समेत कई अन्य लोग 10-12 सहयोगियों के साथ उनके क्वार्टर में घुस आए। आरोप है कि उनके कान के पास पिस्तौल सटाई गई। इसके बाद लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारपीट की गई। हमलावरों ने उन्हें पकड़कर गला दबाया और छाती पर चढ़कर पीटा। तपेश्वर का कहना है कि उनके मुंह, नाक और कान से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए डकरा अस्पताल ले गए।
इस मामले में खलारी थाना कांड संख्या 51/2026, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(4), 126(2), 115(2), 351(2)(3) और 3(5) लगाई गई हैं। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई रवि कुमार जॉनी को दी गई है।
मेडिकल रिपोर्ट में कान से खून आने और बेहोश होने का उल्लेख
घटना के बाद तपेश्वर ने 21 अक्टूबर 2026 को सेंट्रल हॉस्पिटल, गांधीनगर में ईएनटी विभाग में चिकित्सकीय जांच कराई। डॉक्टर की रिपोर्ट में 12 अक्टूबर को हुए हमले का इतिहास, बाएं कान से खून आने, कान में भारीपन, गर्दन, छाती और दाहिने कूल्हे के हिस्से में चोट तथा घटना के दौरान बेहोश होने का उल्लेख है। डॉक्टर ने सीटी टेम्पोरल बोन और सीटी नेक विद कॉन्ट्रास्ट जांच कराने की सलाह दी। रिपोर्ट में बाएं कान के बाहरी हिस्से में सूखा खून जमा होने की बात भी दर्ज है।
पत्नी ने भी मायके वालों पर लगाए गंभीर आरोप, पति के साथ रहने की जताई इच्छा
इस पूरे मामले में एक अहम मोड़ तब आया, जब तपेश्वर की पत्नी रिंकी कुमारी ने 26 अक्टूबर 2026 को खलारी थाना प्रभारी के नाम लिखित बयान दिया। अपने बयान में रिंकी ने आरोप लगाया कि उनके पिता, भाई और चाचा उनके पति पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाते थे। उन्होंने यह भी लिखा कि 6 फरवरी 2025 को उनके पिता उन्हें पति के क्वार्टर से मायके ले गए और पति से बातचीत बंद करने के लिए कहा।
रिंकी ने अपने बयान में स्वीकार किया कि मायके वालों के प्रभाव में आकर वह भी कुछ समय तक उनका साथ देती रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मायके वालों ने पति को झूठे पॉक्सो मामले में फंसाया, जेल भेजवाया और उनके जेल में रहने के दौरान क्वार्टर से जमीन के दस्तावेज, जेवरात और अन्य सामान ले गए। 12 अक्टूबर की घटना को लेकर भी उन्होंने अपने मायके के लोगों पर पति के साथ मारपीट करने, गला दबाने और पिस्तौल-चाकू निकालकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
रिंकी ने अपने बयान में साफ लिखा है कि उनके पति के साथ हुई घटना सही है और वह अपने पति के साथ शांतिपूर्वक रहना चाहती हैं। उन्होंने अपने पिता, भाइयों, चाचा और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आशंका जताई है कि वे भविष्य में उनके पति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दो बच्चों का भविष्य इस पारिवारिक विवाद से प्रभावित हो रहा है।
अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
तपेश्वर ने 12 नवंबर 2026 को खलारी के पुलिस उपाधीक्षक को आवेदन देकर कांड संख्या 51/2026 का किसी वरीय पुलिस अधिकारी से निष्पक्ष सुपरविजन कराने की मांग की है। उन्होंने घटना में पिस्तौल के इस्तेमाल, सामूहिक मारपीट और हत्या की नीयत से हमला किए जाने के आरोपों को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर उचित धाराएं जोड़ने, नामजद आरोपियों की भूमिका और मोबाइल लोकेशन की जांच करने तथा गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट, अस्पताल के इलाज से जुड़े दस्तावेज और पूर्व में दी गई शिकायतों को भी जांच में शामिल करने की अपील की है।
फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जमीन और संपत्ति को लेकर शुरू हुआ यह विवाद आखिर जानलेवा हमले तक कैसे पहुंच गया? एक सीसीएल कर्मचारी अपनी जमीन और नौकरी को लेकर धमकियां मिलने का आरोप लगा रहा है, वहीं उसकी पत्नी का लिखित बयान भी उसके आरोपों को नया आधार दे रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इन आरोपों की कितनी पुष्टि होती है और नामजद आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
